सोमवार, 23 जून 2014


                                                                    बेवफाई 




बहुत खुश थी चिड़ी अपने चिड़े के साथ। पेड़ों पर फुदकना और फिर बालकनी में आकर अपने चिड़े के साथ खेलना बहुत पसंद था उसे। दरवाजे पर लगे आम्रपाली के छोटे से पेड़ पर था उसका छोटा सा आशियाना ,जिसमे उसकी दुनिया हम इंसानों से अधिक सुन्दर लगती थी मुझे। सोंचती कि काश ! हम भी इन्हीं की तरह बेपरवाह जिंदगी जीते और अपने प्यार भरे रिश्ते में बहुत ही खुश रहते लेकिन हम इंसान तो मोह -माया , लोभ -लालच , ईर्ष्या , तृष्णा सभी मानवीय गुणों से भरे है। हमारी जिंदगी इतनी बेपरवाह कहाँ ……… 
                        वक्त ने करवट बदली और चिड़ी की खुशहाल जिंदगी में शायद मेरी ही नजर लग गयी। चिड़ा को एक नयी दोस्त मिल गयी। दिनभर उसके साथ ही वह मशगूल रहता और इधर चिड़ी उदास चहकना भूल गयी। अब वो बालकनी पर आती लेकिन अकेले। चुपचाप दाने चुगती और मौन ही वापस चली जाती। मैंने उसके घोंसले में किसी तरह की हलचल नहीं सुनी लेकिन वह नया घोंसला  गुलजार रहता। मन करता उस नए घोंसले को उजाड़ दूँ और चिड़ी से बेवफाई का बदला ले लूँ पर रुक गयी ये देखने के लिए कि चिड़ी में कितनी सहनशीलता है। उसका व्यवहार हम इंसानों की तरह चिड़चिड़ा नहीं हुआ , बल्कि उसने अपने चिड़े को भरपूर आजादी दे रखी थी। कभी नहीं शिकायत करती उसकी बेवफाई का , भले ही अपना दर्द अकेले झेल रही थी। 
               कुछ दिनों बाद चिड़ी ने अपना ठिकाना बदल लिया और बरामदे में टंगे पोस्टर के पीछे अपना नया आशियाना बना लिया। अपनी दुनिया में वह फिर मगन हो गयी। जीवन को नए सिरे से ढालने में उसे तकलीफ तो जरूर हुई होगी लेकिन उसने हौसला बनाये रखा। इतनी हिम्मत ने बहुत कुछ सीखा दिया हमें फिर भी मैं चिड़े के प्रति अपनी इंसानी नफरत नहीं छोड़ पायी क्यों ……………… ?